अनुषा दांडेकर ने तोड़ी करण कुंद्रा संग ब्रेकअप पर चुप्पी, कहा- मेरे साथ धोखा किया और झूठ बोला

 अनुषा दांडेकर ने तोड़ी करण कुंद्रा संग ब्रेकअप पर चुप्पी, कहा- मेरे साथ धोखा किया और झूठ बोला




टीवी पर्सनैलिटी अनुषा दांडेकर ने आखिरकार अपने ब्रेकअप पर चुप्पी तोड़ दी है। सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए उन्होंने जानकारी दी है कि ब्वॉयफ्रेंड करण कुंद्रा संग उनका ब्रेकअप हो चुका है। करण और अनुषा के ब्रेकअप की खबरें अप्रैल 2020 से सुर्खियों में हैं। दोनों ही इस बात पर चुप्पी साधे हुए थे, लेकिन अब अनुषा ने साफ कर दिया है कि दोनों अब साथ में नहीं हैं। 


अनुषा ने ब्रेकअप पर अपने इमोशन्स जाहिर करते हुए एक लंबी-चौड़ी पोस्ट लिखी है। उन्होंने बताया है कि ब्रेकअप की वजह धोखा मिलने के साथ और भी रही हैं। अनुषा लिखती हैं, “तो यहां यह सच्चाई है, साल का अंत होने से पहले मैं इसके बारे में बताना चाहती हूं। हां, मैंने ‘लव स्कूल’ शो किया। हां, मैं एक लव प्रोफेसर रही। हां, मैंने जो कुछ भी शेयर किया और कपल्स को राय दी, वह दिल से और पूरी ईमादारी से दी। हां, मैं प्यार शिद्दत से करती हूं, इतनी शिद्दत से कि मैं आखिर तक उसे नहीं छोड़ती जब तक कुछ बचे ही न। कोशिश और लड़ाई करती रहती हूं। हां, मैं भी एक इंसान हूं। हां, मैंने भी खुद को खोया है और खुद की सेल्फ-रिस्पेक्ट खोई है। हां, मेरे साथ धोखा हुआ है और झूठ भी बोला गया है। हां, मैंने माफी का इंतजार किया है जो कि आज तक नहीं आई है। हां, मैंने सीखा है खुद को माफ करना और हां, मैं आगे बढ़ी हूं, बढ़ रहू हूं और बढ़ती रहूंगी, इन सभी चीजों से, और हमेशा पॉजिटिव की ओर देखूंगी।”

अनुषा आगे लिखती हैं कि आप सभी लोगों ने मुझे खुलेआम प्यार करते देखा है, अब आप मुझे खुद से प्यार करते देखेंगे तब तक, जब तक मुझे किसी और से प्यार नहीं हो जाता। आखिर में मेरी राय यह रहेगी कि लव कई तरह से आपके पास आता है, बस उसका इतना उपभोग न करें कि उसमें आप खुद को ही खो बैठें। प्यार को इज्जत, सच्चाई और ईमानदारी तक ही रहने दें। मैं डिजर्व करती हूं, आप डिजर्व करते हैं। सबसे जरूरी चीज होती है समझना, क्योंकि हम प्यार को उस तरह अपनाते हैं, जिस तरह हम सोचते हैं कि हम डिजर्व करते हैं। 

अनुषा लिखती हैं, “शुक्रिया, मुझे उस तरह प्यार करने के लिए, जिस तरह आप मेरी ए टीम को करते हैं, आई लव यू। हमेशा आभारी हूं अच्छे और बुरे के लिए, मैंने सारे पाठ पढ़ लिए हैं और सीख भी लिए हैं, मेरी लव स्टोरी अब मेरे खुद के साथ शुरू होगी।”

अनुषा दांडेकर की इस पोस्ट पर उनकी बहन शिबानी और दोस्तों का उन्हें सपोर्ट मिला है। पब्लिक प्लैटफॉर्म पर ब्रेकअप के बारे में बात करने को लेकर सभी ने सराहना की है। अनुषा और करण करीब चार साल से साथ थे। इन्होंने साथ में रिएलिटी शो ‘लव स्कूल’ भी होस्ट किया था, जिसमें दोनों ही लव प्रोफेसर बने थे। इस शो में दोनों ने खुलकर अपने रिलेशनशिप पर बात की थी।

Comments